कांड्रा (सरायकेला-खरसावां): जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बुधवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए कांड्रा थाना क्षेत्र में बालू लदे एक हाइवा को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई कांड्रा थाना अंतर्गत पेट्रोल पंप के समीप चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान की गई।
जानकारी के अनुसार खनन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ईचागढ़ थाना क्षेत्र से अवैध रूप से बालू की निकासी कर कांड्रा, आदित्यपुर और कपाली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही विभाग ने एक टीम का गठन कर कांड्रा थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान टीम ने बालू से लदे एक हाइवा को रोकने की कोशिश की। खनन विभाग की टीम को देखते ही वाहन चालक हाइवा लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय पुलिस की तत्परता से वाहन को पकड़ लिया गया। इसके बाद हाइवा को जब्त कर कांड्रा थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
जब्त किए गए हाइवा का नंबर JH05EA0961 बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक वाहन का मालिक भक्तु कुंभकार है, जो क्षेत्र में बालू कारोबार से जुड़े बड़े नामों में गिने जाते हैं। बताया जाता है कि उनके पास करीब 8 से 10 हाइवा वाहन हैं, जिनके जरिए ईचागढ़ क्षेत्र से बालू उठाकर अक्सर बंगाल का चालान दिखाया जाता है।
फिलहाल खनन विभाग द्वारा वाहन और बालू से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध बालू कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।








