जमशेदपुर: शहर के बागबेड़ा कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ताजा मामला रविवार की मध्य रात्रि का है, जब अज्ञात चोरों ने बागबेड़ा कॉलोनी स्थित गणेश पूजा मैदान के पास ब्लॉक नंबर 70/02/04, रोड नंबर दो निवासी पीयूष कुमार सिंह के घर को निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर से करीब 10 मीटर कॉपर का तार काटकर चोरी कर लिया। इसके अलावा चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसने की भी कोशिश की, हालांकि इसमें वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
थाना में दर्ज कराई गई शिकायत
पीड़ित पीयूष कुमार सिंह ने इस घटना को लेकर बागबेड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और अज्ञात चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश
इधर, कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज स्थानीय लोग पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और उप मुखिया संतोष ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में बागबेड़ा थाना पहुंचे और अपनी नाराजगी जताई।
पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
इस दौरान पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और उप मुखिया संतोष ठाकुर ने संयुक्त रूप से कहा कि पिछले कई दिनों से बागबेड़ा कॉलोनी में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। इससे स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई और अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे जिले के वरीय आरक्षी अधीक्षक (एसएसपी) से मिलकर मांग पत्र सौंपेंगे।
मौके पर मौजूद रहे ये लोग
इस दौरान पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, कॉलोनी निवासी राजा राव, भास्कर राव, शैलेंद्र कुमार लाल दास, बसंत तिवारी, नंदू सिंह, गौतम, पीयूष कुमार सिंह, गुड्डू तिवारी, संजीव कुमार, अर्जुन प्रसाद, ललन सिंह, रंजीत शर्मा, श्रीनिवास राव, संतोष शर्मा, शुभम कुमार और प्रणव शर्मा समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।









