Jamshedpur:नगर निकाय चुनाव को लंबे समय से लंबित रखे जाने के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इसी कड़ी में भाजपा जमशेदपुर महानगर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं रणनीतिक बैठक सोमवार को जुगसलाई स्थित ऋषि भवन में महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राज्य सरकार पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए तीखी नाराज़गी जताई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगर निगम एवं नगर परिषद चुनाव की तिथि शीघ्र घोषित करने, दलीय आधार पर चुनाव कराने तथा ईवीएम से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग को लेकर 7 जनवरी (बुधवार) को जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के समक्ष भाजपा आम जनता के साथ एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन करेगी। इसे सफल बनाने के लिए मंडल स्तर तक जिम्मेदारियां तय करते हुए विस्तृत रणनीति बनाई गई।
सरकार जनाक्रोश से डरी हुई है : अभय सिंह
बैठक को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के कोल्हान टोली सदस्य सह पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार जानबूझकर नगर निकाय चुनाव नहीं करा रही है। सरकार को जनता के आक्रोश और अपनी विफल नीतियों का डर है। उन्होंने कहा कि बहुमत का दावा करने वाली सरकार जनता की अदालत में जाने से कतरा रही है। दलीय आधार पर और ईवीएम से चुनाव लोकतंत्र की मूल शर्त है, जिसे सरकार कमजोर करना चाहती है।
चुनाव टालना लोकतंत्र का अपमान : सुधांशु ओझा
महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि नगर निकाय चुनावों को बार-बार टालना लोकतंत्र का सीधा अपमान है। सरकार जनता के अधिकारों से भयभीत है, इसलिए चुनाव कराने से भाग रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 2018 की तर्ज पर दलीय आधार पर ईवीएम से चुनाव ही पारदर्शिता और जवाबदेही की गारंटी है। भाजपा इस लड़ाई को सड़क से सदन तक ले जाएगी।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा : शैलेन्द्र सिंह
भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सरकार नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित नहीं करती और ईवीएम से चुनाव कराने का निर्णय नहीं लेती, तब तक भाजपा का आंदोलन और उग्र होगा।
जनता के हक की लड़ाई में भाजपा सड़क पर : अनिल मोदी
स्वागत भाषण एवं विषय प्रवेश कराते हुए जिला महामंत्री अनिल मोदी ने कहा कि 7 जनवरी को जुगसलाई नगर परिषद के समक्ष होने वाला धरना जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि जुगसलाई की जनता इस लोकतांत्रिक संघर्ष में भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी होगी।
बैठक का मंच संचालन जुगसलाई मंडल अध्यक्ष हन्नु जैन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मंडल महामंत्री सुनील शर्मा ने किया।
मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर मंगलवार को धरना
इधर, मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में मंगलवार सुबह 11 बजे मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारी की गई है। भाजपा कार्यकर्ता सुबह 11 बजे मानगो गांधी मैदान में एकत्रित होंगे और वहां से नगर निगम कार्यालय तक मार्च कर धरना देंगे।
महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
बैठक में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद
बैठक में जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, जिला महामंत्री अनिल मोदी, जुगसलाई नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन मुरलीधर केडिया, जिला कोषाध्यक्ष कृष्णा शर्मा काली, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









