हाटगम्हारिया में घायल हाथी के बच्चे को 72 घंटे की मेहनत के बाद बचाया गया, वनतारा टीम भी पहुंची सहयोग को

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasha : हाटगम्हारिया वन क्षेत्र के सरडिया गाँव से रेस्क्यू किए गए घायल हाथी के बच्चे को वन विभाग और विशेषज्ञ टीमों की कड़ी मेहनत के बाद नया जीवन मिल गया है। सोमवार को ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची, जहां नन्हा हाथी गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। चलते नहीं पाने की स्थिति में उसे तुरंत रेस्क्यू कर हाटगम्हारिया वन कार्यालय लाया गया, जहां उपचार शुरू किया गया।

वन विभाग के कर्मचारियों और बाहर से बुलाए गए चिकित्सकों ने लगातार 72 घंटे तक इलाज और निगरानी में रखते हुए उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग के कर्मियों ने रातभर जागकर उसकी देखरेख की, जिसके बाद उसकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। फिलहाल हाथी का बच्चा वन विभाग की निगरानी में है और उसे पूरी तरह स्वस्थ करने के प्रयास जारी हैं।

ट्रेनी (IFS) प्रशांत बाविस्कर ने बताया कि हाथी के बच्चे का स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक होते ही वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी, और उसके परिवार से मिलाने की कोशिश की जाएगी।

हाथियों के संरक्षण और उपचार में विशेषज्ञ गुजरात जामनगर की वनतारा टीम भी हाटगम्हारिया पहुंची है। टीम वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से उपचार और देखभाल में सहयोग कर रही है। वनतारा और वन विभाग के संयुक्त अभियान से यह नन्हा हाथी नया जीवन पाता दिख रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें