Guwa:गुवा सेल में 20 बाहरी व्यक्तियों की कथित बहाली के विरोध में सोमवार की शाम संयुक्त यूनियनों का गुस्सा भड़क उठा। जनरल ऑफिस के सामने हजारों की उपस्थिति में जोरदार प्रदर्शन किया गया, जहां प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी देर रात तक जारी रही।
यूनियनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बाहरी लोगों की बहाली को तत्काल प्रभाव से रद्द नहीं किया गया, तो उत्पादन, डिस्पैच और परिवहन व्यवस्था पूरी तरह ठप कर दी जाएगी। यूनियन नेताओं ने रात की पाली से सभी बसों को रोकने की घोषणा की, जिससे गुवा सेल के उत्पादन में भारी अवरोध की आशंका है।
नेताओं का कहना है कि स्थानीय मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की अनदेखी कर बाहरी लोगों की नियुक्ति न केवल क्षेत्रीय हक के खिलाफ है, बल्कि स्थानीय परिवारों के आजीविका अधिकार पर भी सीधा प्रहार है। इस निर्णय से ठेका मजदूरों, सफाईकर्मियों और स्थानीय परिवारों में गहरा आक्रोश है।
विरोध स्थल पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद थे, जिनमें
झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे,
महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़,
बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन इंटक के महामंत्री विश्वजीत तांती,
तथा सारंडा युवा बेरोजगार संघ के अध्यक्ष उदय कुमार सिंह प्रमुख रहे।
नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ बहाली विवाद का मुद्दा नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं के रोजगार अधिकार की लड़ाई है। प्रबंधन ने यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन और उग्र रूप लेने की चेतावनी भी दी गई है।









