भूमि संरक्षण योजनाओं के चयन को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न

SHARE:

Seraikela:उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं के चयन एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि यंत्र वितरण, तालाब निर्माण/जीर्णोद्धार, एवं अन्य प्रमुख योजनाओं की स्थिति पर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं के चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों और लाभुकों के चयन में नियमों का शत-प्रतिशत पालन हो तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। इसके लिए सभी प्रखंडों से प्राप्त प्रस्तावों की गहन जांच आवश्यक है।

तालाब निर्माण/जीर्णोद्धार पर विशेष जोर

उपायुक्त ने जनप्रतिनिधियों व प्रखंड स्तर से प्राप्त अनुशंसाओं का परीक्षण कर प्राथमिकता सूची अंतिम रूप से स्वीकृत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन लाभुकों को आज तक किसी भी योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें प्राथमिकता में रखा जाए।

कृषि यंत्रीकरण को मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने कृषि यंत्र वितरण के संबंध में कहा कि इच्छुक और सक्रिय कृषक समूहों को लाभ दिया जाए, ताकि वे आधुनिक तकनीक का उपयोग कर उत्पादन बढ़ा सकें।
उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने, जमीन पर कार्य की प्रगति तेज करने तथा समयबद्ध ढंग से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, सहकारिता पदाधिकारी, DPM JSLPS, तकनीकी सहायक समेत अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Comment