Jamshedpur:पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दगड़ीगोड़ा निवासी अश्विनी महतो (45) का शव स्थानीय तालाब से बरामद किया गया। अश्विनी पिछले छह दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था। परिजनों की ओर से आपत्ति नहीं होने के कारण पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार की अनुमति दे दी।
कटिन जाने की बात कहकर निकला था घर से
परिवार के अनुसार, अश्विनी छह दिन पहले यह कहकर घर से निकला था कि वह कटिन जा रहा है। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। अगले दिन परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की लिखित शिकायत कमलपुर थाना में दर्ज कराई थी।
दो-दो शादियां, घटना के वक्त दोनों पत्नियां घर से बाहर
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अश्विनी ने दो शादियां की थीं और दोनों पत्नियां घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थीं। इससे ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएँ तेज हैं।
नशे का आदी था अश्विनी
परिजनों ने बताया कि अश्विनी नशे का आदी था और नशे में धुत होकर पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। पुलिस का कहना है कि परिवार ने किसी तरह की आशंका या शिकायत नहीं जताई, जिसके बाद प्रशासन ने बिना पोस्टमार्टम दफनाने की अनुमति दी।
मामले में जांच जारी
पुलिस ने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित सहमति मिलने के बाद ही शव दफनाया गया है, फिर भी लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।









