आदित्यपुर नगर निगम के पूर्व पार्षद पर अवैध रूप से पेड़ काटने का आरोप, वन विभाग ने शुरू की जांच

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 14 के पूर्व पार्षद बरजो राम हांसदा पर बड़ा आरोप लगा है। उनके बड़े भाई दारा माझी के नाम दर्ज भूमि पर बिना वन विभाग की अनुमति के आधा दर्जन से अधिक हरे पेड़ काटने का मामला सामने आया है। इसे भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 का स्पष्ट उल्लंघन बताया जा रहा है।

शनिवार को वन विभाग के अधिकारी देवेंद्र टुडू ने स्थल निरीक्षण कर पुष्टि की कि पेड़ बिना किसी एनओसी के काटे गए। आरोप यह भी है कि मामले को दबाने के लिए पेड़ों के कटे हुए गट्ठों को जमीन में दबाया जा रहा है।
बीट अधिकारी सुब्रत मजूमदार ने चेतावनी देते हुए कहा, “काटे गए पेड़ स्थल पर ही सुरक्षित रखने होंगे, अन्यथा विभाग मजबूर होकर कड़ी कार्रवाई करेगा।”

सरकारी जमीन पर कब्जे का भी आरोप

बरजो राम हांसदा पर चांदनी चौक के पास 20 डिसमिल सरकारी जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप है।
हालांकि उन्होंने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा,
“जमीन मेरे भाई के नाम पर है। विपक्ष मेरी बढ़ती लोकप्रियता से घबराया हुआ है। मैं किसी भी जांच का स्वागत करता हूं।”

स्थानीय लोगों में आक्रोश, पर्यावरण सुरक्षा की मांग

मामला अब तूल पकड़ रहा है। वन विभाग जांच में जुटा है, वहीं स्थानीय लोग पर्यावरण संरक्षण और नियमों के सख्त पालन की मांग कर रहे हैं।

उधर, जिस स्थान पर घेराबंदी की जा रही है, उसके ठीक पीछे सरकारी जमीन होने की बात भी सामने आई है, जिससे विवाद और गहराता जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.