Jamshedpur : बिष्टूपुर पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चिन्मया स्कूल के पास से बागबेड़ा के एक युवक को हथियार और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार युवक अपने घर से हथियार बेचने के लिए निकला था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान 24 वर्षीय आदित्य झा उर्फ सन्नी, निवासी बागबेड़ा कॉलोनी (रोड नंबर 1, शंख बाबा मंदिर के पास) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
एसपी ने बताया कि आदित्य झा का अपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न थानों में कुल 4 मामले दर्ज हैं—जिसमें एक मामला आरआईटी थाना क्षेत्र का और तीन मामले बिष्टूपुर थाना क्षेत्र से संबंधित हैं।
एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर बिष्टूपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे के नेतृत्व में एसआई आकाश कुमार पांडेय, निरज कुमार, रामप्रवेश राय और एएसआई गोपाल पांडेय की टीम ने यह सफल कार्रवाई की।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार की सप्लाई कहां और किसे की जानी थी।









