Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि अब वे पुलिस थाना के ठीक पीछे भी बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार रात आस्था फ्लैट के समीप रेलवे यार्ड से रेलवे का कीमती सामान खुली चुनौती देते हुए चोरी कर लिया गया। घटना कैमरे में कैद है, जिसमें सिक्योरिटी गार्ड की संदिग्ध मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
खुलेआम चोरी, पुलिस की सक्रियता पर सवाल
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे चोरों का गिरोह रेलवे की बाउंड्री वॉल फांदकर यार्ड के भीतर घुसा और कीमती सामान निकालकर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी सामान लेकर भाग चुके थे।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इसी तरह की गतिविधियाँ पिछले दो दिनों से लगातार देखी जा रही थीं। उन्होंने समय रहते सिक्योरिटी गार्ड को स्थानीय थाना एवं आरपीएफ को सूचना देने को कहा था, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
सिक्योरिटी गार्ड की भूमिका पर संदेह
घटना के दौरान आस्था फ्लैट का सिक्योरिटी गार्ड मौके पर मौजूद था, और CCTV फुटेज में उसकी मौजूदगी कई तरह के शक पैदा कर रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि उसकी लापरवाही या मिलीभगत के कारण ही चोर लगातार घटनाओं को अंजाम दे पा रहे हैं।
पहली बार नहीं, पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
आदित्यपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। कई घरों और प्रतिष्ठानों में चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस की रोकथाम और कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
निवासी पूछ रहे हैं—
“थाने के पीछे चोरी हो सकती है तो इलाके में सुरक्षा कैसी होगी?”









