Chaibasha : पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगलों में गुरुवार दोपहर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके मारंगपोगा और तेताई के जंगलों में हुई, जहां दोनों ओर से करीब 45 मिनट से एक घंटे तक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजती रही।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोबरा बटालियन के जवानों की टीम को नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाला। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बल जंगलों में गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि नक्सलियों की किसी भी संभावित गतिविधि को रोका जा सके।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता के साथ हालात पर नजर रखे हुए हैं। जिला पुलिस और अर्धसैनिक बलों के अधिकारी मौके की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रहे हैं।









