जुगसलाई नगर परिषद की 30 लाख से अधिक की विकास योजनाओं का शुभारंभ, सड़क-नाली निर्माण कार्य शुरू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान ने क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में सड़क एवं नाली निर्माण की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इन विकास योजनाओं पर कुल 30 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और क्षेत्र में सड़क, जलनिकासी तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।

नगर परिषद द्वारा स्वीकृत योजनाओं के तहत वार्ड संख्या 19 एवं 20 के सफीगंज मोहल्ला में टिलु शर्मा के घर से बेश लाल शर्मा के घर तक पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा पिंटु मिश्रा के घर के समीप पेवर्स ब्लॉक पथ का निर्माण भी किया जाएगा। इस योजना के लिए 1 लाख 75 हजार 169 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

वार्ड संख्या 03 के श्रुति चौक क्षेत्र में केनरा बैंक एटीएम से सलीम के पान दुकान तक आरसीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा। जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाली इस योजना पर 9 लाख 65 हजार 425 रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसी प्रकार वार्ड संख्या 01 स्थित गरीब नवाज कॉलोनी में जेहरा खातून के घर से चांद के घर तक, सुभान पान दुकान से अमजद के घर तक तथा बाबू खान के घर से नजरें आलम के घर तक आरसीसी नाली निर्माण का कार्य होगा। साथ ही ईदगाह मैदान में शेरु के घर से ईदगाह मैदान तक नाली के ऊपर आरसीसी स्लैब का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना की एकरारनामा राशि 9 लाख 31 हजार 819 रुपये निर्धारित की गई है।

वार्ड संख्या 08 के हिलव्यू क्षेत्र में कालू भाई के घर से हिलव्यू रोड तक तथा सगीर के घर से निजाम के घर तक पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा। वहीं एम.ई. स्कूल रोड में सेवा सदन से हिलव्यू चौक तक पीसीसी सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा सलाम के घर से भोलु के घर तक पेवर्स ब्लॉक पथ का निर्माण भी किया जाएगा। इस कार्य के लिए 9 लाख 37 हजार 281 रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।

स्थानीय नागरिकों ने भी विकास योजनाओं के शुभारंभ पर खुशी व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि वर्षों से लंबित सड़क और नाली संबंधी समस्याओं का समाधान होगा तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.