बैद्यनाथ राम की राज्यसभा जीत पर झामुमो में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटे 25 किलो लड्डू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : राज्यसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी बैद्यनाथ राम की जीत पर गुरुवार को साकची स्थित झामुमो संपर्क कार्यालय में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच लगभग 25 किलो लड्डू वितरित कर जीत की खुशी साझा की गई।

कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल और शेख बदरुद्दीन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। नेताओं ने बैद्यनाथ राम की जीत को सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो ने एक दलित नेता को राज्यसभा भेजकर समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को सशक्त प्रतिनिधित्व देने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि झामुमो शुरू से ही दलित, शोषित और वंचित समाज की आवाज बनकर उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है। बैद्यनाथ राम की जीत इसी सोच और प्रतिबद्धता का परिणाम है।

राज्यसभा चुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नेताओं ने निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवाणी को मिले समर्थन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों ने राज्य की राजनीति में नए समीकरणों की तस्वीर सामने रखी है। नेताओं का दावा था कि झामुमो नेतृत्व ने चुनाव से पूर्व ही इस संबंध में अपनी आशंकाओं से चुनाव आयोग को अवगत कराया था।

विजय उत्सव कार्यक्रम में महावीर मुर्मू, सरोज महापात्रा, प्रीतम हेंब्रम, अभय पांडेय, गोकुल मार्डी, नंटू सरकार, मनोज तांती, जितेंद्र यादव, कृष्ण कुमार गुप्ता, डी. राकेश राव, सुखलाल टुडू, बिनोद डे, सतनाम सिंह, पिंटू लाल, रवि कुमार, शिव कुमार बेसरा, दुर्गा हांसदा, उमेश गिरी, शेख शफरुद्दीन, गोपाल प्रसाद, रवि मुंडा सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.