धोखाधड़ी करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी, भाजपा की हार तय: संजीव सरदार

SHARE:

Ghatshila:घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी ताकत झोंक दी है। शनिवार को झामुमो के स्टार प्रचारक और पोटका विधायक संजीव सरदार ने चुनावी प्रचार अभियान की शुरुआत मां दुआरशिनी मंदिर में मत्था टेककर की। विधायक संजीव सरदार ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और समाज की एकता के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद उन्होंने झाटीझरना और कालचिंति पंचायत के भवराडीह, बालियांम, झाटीझरना, बटडीह, सिंदरीआम, सोनलादंगा, बसाडेरा समेत दर्जनों गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय समाज के बुद्धिजीवियों, ग्राम प्रधानों, मांझी बाबा, नायके बाबा और ग्रामीणों से संवाद किया। बैठक में क्षेत्र की सामाजिक समस्याओं और उनके संभावित समाधान पर गहन चर्चा हुई।

विधायक संजीव सरदार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली अबुआ सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, फसल राहत योजना, ग्राम सड़क योजना और आदिवासी छात्रवृत्ति योजना की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।

बैठक में उपस्थित सभी ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि आगामी घाटशिला उपचुनाव में झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजा जाएगा। संजीव सरदार ने कहा, “धोखाधड़ी करने वालों को जनता माफ नहीं करती, पिछली बार की तरह भाजपा की हार निश्चित है।”

Leave a Comment

और पढ़ें