दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव, मनोहरपुर स्टेशन पर ड्यूटी में लापरवाही; आरपीएफ जवानों पर कार्रवाई की संभावना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasha : मनोहरपुर स्टेशन पर बुधवार की देर रात दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पथराव की घटना उस समय हुई जब ट्रेन स्टेशन से गुजर रही थी, लेकिन प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) को इसकी भनक तक नहीं लगी।

सूत्रों के अनुसार, घटना ट्रेन के कोच नंबर ए-फोर की सीट नंबर 33 के पास हुई। पत्थर लगने से खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया। इस वारदात में एक यात्री घायल हुआ है। हालांकि, उसे हल्की चोट आई और प्राथमिक उपचार के बाद उसने यात्रा जारी रखने का निर्णय लिया।

घटना की जानकारी ट्रेन के टीटी (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) के माध्यम से कंट्रोल रूम तक पहुंची। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ हरकत में आई और रेलवे लाइन की ओर दौड़ पड़ी, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। अब यह चर्चा जोरों पर है कि घटना के समय आरपीएफ ड्यूटी पर मौजूद थी या नहीं।

आरपीएफ की लापरवाही को देखते हुए संबंधित जवानों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी का सुराग नहीं मिला है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जल्द ही इस घटना पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें