टाटा स्टील ने जमशेदपुर हाफ मैराथन 2025 के 10वें संस्करण की घोषणा की

SHARE:

Jamshedpur:  टाटा स्टील ने आज टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन के 10वें संस्करण की आधिकारिक घोषणा की। यह प्रतिष्ठित आयोजन 30 नवंबर 2025 को आयोजित होगा। बीते एक दशक में यह मैराथन जमशेदपुर की पहचान बन चुकी है, जो फिटनेस, एकता और सामुदायिक भावना का प्रतीक मानी जाती है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कंपनी ने इस वर्ष की थीम — “जमशेदपुर के लिए दिल से दौड़” — का अनावरण किया। इस अवसर पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा, “जमशेदपुर हाफ मैराथन अब शहर की अटूट भावना और फिटनेस के प्रति जुनून का प्रतीक बन चुकी है। इस वर्ष का थीम ‘दिल से दौड़ फॉर जमशेदपुर’ हमें याद दिलाता है कि यह केवल शहर के गर्व के लिए नहीं, बल्कि हमारे स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए भी दौड़ है। यह आयोजन जमशेदपुर की ऊर्जा, उत्साह और एकता का जीवंत उदाहरण है।”

साल 2024 में 18 राज्यों से 4,821 प्रतिभागियों ने इस मैराथन में हिस्सा लिया था, जबकि इस वर्ष प्रतिभागियों की संख्या 5,500 से अधिक होने की उम्मीद है। पिछले वर्ष पहली बार शुरू की गई हाफ मैराथन (21.097 किमी) श्रेणी को इस बार और भी अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की तैयारी है।

कंपनी ने बताया कि इस बार कुल ₹9.18 लाख की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है, जिससे प्रतिभागियों में फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहन मिलेगा। सभी श्रेणियों के लिए दौड़ का मार्ग पहले जैसा ही रहेगा, ताकि प्रतिभागियों को एक सुरक्षित और परिचित अनुभव मिल सके।

टाटा स्टील की खेल संस्कृति का उल्लेख करते हुए कंपनी ने कहा कि वह हमेशा सक्रिय जीवनशैली और खेल भावना को बढ़ावा देती आई है। टाटा स्टील कोलकाता 25K, जोड़ा रन-ए-थॉन और कपिलाश हाफ मैराथन जैसे आयोजनों के साथ-साथ फुटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, हॉकी और स्पोर्ट क्लाइम्बिंग की अकादमियों के माध्यम से कंपनी खेल प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है।

टाटा स्टील ने जमशेदपुर और आसपास के नागरिकों से बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है — चाहे वे धावक हों, समर्थक हों या स्वयंसेवक।
पंजीकरण अब खुले हैं, और इच्छुक प्रतिभागी www.tatasteelruns.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Comment