सामाजिक संदेशों से सजी सुनील विश्वकर्मा की झांकी को मिल रही सराहना

SHARE:

Manoharpur : चाईबासा के गाड़ी खाना निवासी और पेशे से रेलकर्मी सुनील विश्वकर्मा अपनी अनोखी और सामाजिक संदेशों से सजी झांकी को लेकर इन दिनों सुर्खियों में हैं। बंडामुंडा डीजल लोको शेड में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत सुनील बीते 25 वर्षों से पूजा-पंडालों और सामाजिक आयोजनों में झांकियों के माध्यम से लोगों को देशहित और समाजहित के संदेश देते आ रहे हैं।

सुनील की झांकियों के विषय सदैव सामयिक और जनजागरूकता से जुड़े होते हैं। आग एवं बाढ़ से बचाव, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर मुद्दों को वे जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हैं। इस वर्ष दुर्गा पूजा में उन्होंने “रक्तदान महादान”, “जय जवान, जय किसान” और “जय विज्ञान” जैसे विषयों पर आकर्षक झांकी बनाई है। उनकी कलात्मक झलक को देखने के लिए पूजा पंडाल में भीड़ उमड़ रही है और सोशल मीडिया पर भी इसे खूब सराहा जा रहा है।

सुनील विश्वकर्मा की इस पहल को पहले भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम और चाईबासा के पुलिस अधीक्षक तक पुरस्कृत कर चुके हैं। उनके साथी रेलकर्मी भी उनकी इस अनूठी प्रतिभा पर गर्व महसूस करते हैं।

सुनील का कहना है कि झांकी सिर्फ कला का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त जरिया है। मैं आगे भी इसी तरह देश और समाजहित में काम करता रहूंगा।”

सोमवार को दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करने के बाद सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी और स्थानीय विधायक जगत मांझी ने रेलवे दुर्गा पूजा पंडाल परिसर में पहुंचकर इस झांकी का अवलोकन किया और सुनील विश्वकर्मा व उनके परिजनों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्हें सम्मानित करने का निर्णय भी लिया।

Leave a Comment