फाइनल सेटलमेंट में गड़बड़ी का आरोप, मजदूर नेताओं ने श्रम अधीक्षक से की शिकायत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

नुवको बिस्तास सीमेंट कंपनी जोजोबेरा पर मजदूर को ₹1 लाख कम भुगतान करने का आरोप

जमशेदपुर। नुवको बिस्तास सीमेंट कंपनी, जोजोबेरा के ठेकेदार भेंडर सूरज एसोसिएट प्राइवेट लिमिटेड पर 25 वर्षों तक सेवा देने वाले एक मजदूर को फाइनल सेटलमेंट की राशि सही तरीके से न देने का आरोप लगाया गया है। इस मामले को लेकर झामुमो और सामाजिक सेवा संघके नेताओं ने मंगलवार को श्रम अधीक्षक से मुलाकात की और उचित कार्रवाई की मांग की।

मजदूर नेता एवं सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष राजेश सामंत ने बताया कि मजदूर राजकुमार सिंह ने कंपनी में सीमेंट डस्ट का लोडिंग-अनलोडिंग और मशीन ऑपरेटर (हाई स्किल) का कार्य लगातार 25 साल तक किया। उनके अनुसार, इस दौरान मजदूर का वेतन ₹1130 प्रति दिन था। श्रम कानून के अनुसार, फाइनल सेटलमेंट की राशि अंतिम वेतन और प्रतिदिन की हाजिरी के आधार पर तय की जानी चाहिए, लेकिन कंपनी द्वारा दिए गए आंकड़े गलत हैं।

राजकुमार सिंह को कंपनी ने ₹3,27,577 का चेक जारी किया है, जबकि मजदूर नेताओं के अनुसार, वास्तविक गणना के आधार पर लगभग ₹1,00,000 अतिरिक्त मिलना चाहिए था। नेताओं ने आरोप लगाया कि कंपनी ने ठेकेदारों के माध्यम से मजदूरों का शोषण किया है और फाइनल सेटलमेंट में भी पारदर्शिता नहीं बरती। राजेश सामंत ने चेतावनी दी कि यदि मजदूर को सरकारी नियमों के अनुसार सही राशि नहीं दी गई, तो मजदूर संगठन नुवको कंपनी गेट पर विरोध प्रदर्शन करेगा। यह प्रदर्शन न केवल मजदूर शोषण के खिलाफ होगा, बल्कि प्रदूषण और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर भी किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोग
इस मौके पर सामाजिक सेवा संघ अध्यक्ष सह मजदूर नेता राजेश सामंत, मुखिया शिवलाल लोहरा, झारखंड आंदोलनकारी नेता छोटे सरदार, सामाजिक सेवा संघ गोविंदपुर महिला अध्यक्ष रूपम सिंह, पूर्णिमा पाल, मनोज चौरसिया, मजदूर राजकुमार सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

The specified slider id does not exist.