Adityapur : आदित्यपुर टोल ब्रिज पर वीआईपी लाइन से जबरन प्रवेश की कोशिश के दौरान सुरक्षा कर्मी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर कुमार संवैया के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम कुमार, सुजल कुमार, साहिल यादव, सचिन प्रसाद एवं एक अन्य साहिल यादव शामिल हैं। इनके पास से हमले में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (संख्या JH05Z5828) भी जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को दोपहर 3:45 बजे, एक स्विफ्ट कार में सवार छह युवक आदित्यपुर टोल ब्रिज की वीआईपी लाइन से जबरन गुजरने की कोशिश कर रहे थे। जब टोल पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने उनसे वीआईपी पास दिखाने को कहा, तो वे आक्रोशित हो गए और हॉकी स्टिक व बेसबॉल बैट से हमला कर दिया, जिससे गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय थाने में कांड दर्ज किया गया और पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही दिनों में इस हमले में शामिल पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि छठे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है, जल्द ही उसे भी हिरासत में ले लिया जाएगा। वहीं, घायल सिक्योरिटी गार्ड का इलाज जारी है और उसकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।









