जमशेदपुर, 15 जुलाई 2025 | संवाददाता
नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय, पोखरापहाड़ी स्थित परिसर में रविवार को विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर सॉफ्ट स्किल्स विभाग की ओर से एक इंडस्ट्री संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को वर्तमान उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास के लिए प्रेरित करना और उन्हें व्यावसायिक दुनिया से जोड़ना था।
दीप प्रज्वलन से आरंभ हुआ आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और साईं वंदना से की गई। इसके पश्चात कुलपति प्रो. डॉ. पी. के. पाणि ने उद्घाटन भाषण में कहा, “युवा ही हमारे देश की रीढ़ हैं। यदि वे समय रहते अपने कौशल को विकसित करें, तो न केवल वे स्वयं सफल हो सकते हैं, बल्कि देश की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति में भी योगदान दे सकते हैं।”
उद्योग जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति
संगोष्ठी में तीन प्रमुख उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया और विद्यार्थियों से संवाद किया:
पीयूष राज कात्यायन – संस्थापक, पीयूष एकेडमी और हो लोकल बाजार
निशीथ सिंहा – हेड, स्टैच्यूटरी कंप्लायंस मैनेजमेंट एंड सोसायटीज़
शौविक डे – टेक लीड, गूगल डेवलपर ग्रुप – रांची
इन्होनें अपने उद्बोधनों में उद्योगों की आवश्यकताओं, डिजिटल कौशल, प्रबंधन के नए ट्रेंड्स, और करियर निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
पीयूष राज कात्यायन ने कहा, “कार्यक्रम की सफलता यह सिद्ध करती है कि जब शिक्षा संस्थान और उद्योग जगत साथ मिलकर प्रयास करते हैं, तो युवा वैश्विक मंच पर भी सफल हो सकते हैं।”
प्रतियोगिताओं में छात्रों की प्रतिभा की झलक
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के छात्रों ने भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विद्यार्थियों ने रचनात्मक विचारों और प्रस्तुति कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। यह मंच छात्रों के लिए प्रैक्टिकल स्किल्स और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी माध्यम बना।
सफल आयोजन के लिए सभी का योगदान
इस आयोजन को सफल बनाने में जमशेदपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन और वेंचरिंग डिजिटली प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक एवं CMO निखिल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही:
कुलपति प्रो. डॉ. पी. के. पाणि
विधि विभाग अधिष्ठाता प्रो. डॉ. आचार्य ऋषि रंजन
कुलसचिव नागेंद्र सिंह
प्रशासनिक विभाग के अनुष्ठाता नाजिम खान
शैक्षणिक विभाग के अधिष्ठाता प्रो. दिलीप शोम
IQAC सेल की डायरेक्टर डॉ. श्रद्धा वर्मा
अन्य विभागों के विभागाध्यक्ष और फैकल्टी सदस्यगण
सभी ने इस संगोष्ठी को छात्रों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।









