जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने घोड़ाबांधा-पिपला सड़क निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, मौके पर दिए मरम्मत के निर्देश भूमि विवाद और मुआवजा मुद्दों को लेकर स्थानीय लोगों से की बातचीत, सड़क पर जलजमाव की समस्या का लिया संज्ञान

SHARE:


जमशेदपुर, 18 जुलाई 2025 | संवाददाता
जमशेदपुर प्रखंड के घोड़ाबांधा से लुआबासा होते हुए पिपला चांदनी चौक को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य का जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए एक अहम संपर्क मार्ग है, जिसे लेकर वर्षों से मांग की जा रही थी।

भूमि विवाद और मुआवजा को लेकर रुका था कार्य, विधायक ने की हस्तक्षेप

निरीक्षण के दौरान विधायक ने बताया कि घोड़ाबांधा ग्वालाडेरा क्षेत्र में भूमि विवाद के कारण निर्माण कार्य में अड़चन आ रही थी। उन्होंने स्वयं जमीन दाताओं से बातचीत कर समस्याओं का समाधान कराया, ताकि कार्य में कोई और विलंब न हो।

वहीं दूसरी ओर, लुआबासा क्षेत्र में जमीन मालिकों को मुआवजा नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था। इस पर विधायक ने जमीन दाताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे शनिवार को उपायुक्त के साथ बैठक में उन्हें भी साथ ले जाकर मुआवजा मुद्दे पर विस्तृत वार्ता करेंगे, ताकि मामला शीघ्र सुलझाया जा सके।

बारिश के कारण उभरे गड्ढे, मौके पर ही जेसीबी से कराया गया मरम्मत कार्य शुरू

निरीक्षण के दौरान विधायक ने देखा कि लगातार भारी बारिश के चलते सड़क पर जलजमाव हो गया है, जिससे कई स्थानों पर गड्ढे उभर आए हैं। राहगीरों की परेशानी को देखते हुए विधायक मंगल कालिंदी ने मौके पर ही जेसीबी मशीन मंगवाकर मरम्मत कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए। मरम्मत कार्य के चलते लोगों को तत्काल राहत मिली।

स्थानीय लोगों ने जताया संतोष, विधायक की पहल की सराहना

निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, प्रतिनिधि और सड़क निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। विधायक की त्वरित कार्रवाई और समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय प्रयासों की स्थानीय लोगों ने सराहना की। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब यह सड़क शीघ्र ही पूर्ण रूप से बनकर तैयार होगी और उन्हें बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

Leave a Comment