भोजपुरी आईडल सीजन-2 का भव्य आयोजन, सुरों के संग्राम में निखरे नए सितारे

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भोजपुरी संस्कृति मंच द्वारा आयोजित भोजपुरी आईडल सीजन-2 का भव्य फाइनल कार्यक्रम आज स्टील हाउस क्लब, गंडक रोड, साकची में सांस्कृतिक उल्लास और सुरों की गूंज के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जहां प्रतिभागियों की सुरीली आवाज ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया, वहीं आयोजन की भव्यता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भोजपुरी संस्कृति का रंग समाज में गहराई से बस चुका है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष श्री रघुनाथ पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह समाजसेवी श्री भरत सिंह मंच पर मौजूद थे। सभी अतिथियों को भोजपुरी संस्कृति मंच के मुख्य संरक्षक श्री भरत सिंह ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

फाइनल राउंड में पहुँचे प्रतिभागियों ने सुर, ताल और लय के संगम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। निर्णायक मंडल में दूरदर्शन कलाकार सह संगीत विशारद श्री सुशील साहिल एवं शास्त्रीय गायक श्री अनिल सिंह शामिल थे। निर्णायकों की संयुक्त राय के आधार पर प्रिया सिंह को विजेता घोषित किया गया, जबकि आनंद कुमार उपविजेता रहे। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और क्रमशः ₹5000 एवं ₹3000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही विजेता प्रतिभागी को आगामी भजन एलबम में गाने का अवसर भी दिया जाएगा।

इस अवसर पर भोजपुरी संस्कृति मंच के संयोजक सह गीतकार तोमर सत्येंद्र सिंह, सुनील सहाय, बिकेश सहाय सहित कई विशिष्टजन उपस्थित रहे। श्री तोमर ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में इस आयोजन को और व्यापक रूप देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की सफलता में आर.वी.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के शत्रुघ्न सिंह व शक्ति सिंह, सामाजिक संस्था संभव की अध्यक्ष श्रीमती सारिका सिंह व उनकी टीम, लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर भारत, श्री कंस्ट्रक्शन के रोहित सिंह, तथा भरत सिंह फैंस क्लब के सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

भोजपुरी संस्कृति मंच ने इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया कि भाषा और संगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, और इस तरह के कार्यक्रम सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता के सशक्त माध्यम हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें