Jamshedpur : लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। बड़ौदा घाट पुलिया के समीप स्थित नया बस्ती क्षेत्र पूरी तरह से जलमग्न हो गया है, जिससे करीब डेढ़ सौ घर पानी में डूब गए। क्षेत्र में बाढ़ का पानी तेजी से फैलने से स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
राजकुमार सिंह का संवेदनशील नेतृत्व
जैसे ही हालात की जानकारी मिली, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, पूर्व मुखिया बुधराम टोप्पो, उप मुखिया मुकेश सिंह, पंसस प्रतिनिधि धर्मेंद्र चौहान और पूर्व वार्ड सदस्य प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों में जुट गए।
राजकुमार सिंह ने स्थानीय लोगों की मदद से बाढ़ में फंसे परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा यह समय चिंता का नहीं, साथ खड़े होने का है। हम हर जरूरतमंद के साथ हैं।”
क्षेत्र में राजकुमार सिंह को ‘जल पुत्र’ के नाम से जाना जाता है, क्योंकि हर आपदा में वे एक सच्चे बेटे की तरह क्षेत्रवासियों के साथ खड़े नजर आते हैं।
प्रशासन भी सक्रिय मोड में
बाढ़ की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश, अंचल पदाधिकारी मनोज कुमार, जुगसलाई सीएचसी प्रभारी डॉ. एम. ए. अंसारी, ब्लॉक मैनेजर राखी श्रीवास्तव और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पंसस सुनील गुप्ता ने आपदा की जानकारी सीधे उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान को दी। डीडीसी ने बीडीओ और सीओ को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
प्रभावितों के लिए ठहराव की विशेष व्यवस्था
बाढ़ पीड़ितों के लिए ठहराव की व्यवस्था उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिद्धू कान्हू मैदान स्थित लोहिया भवन और डीबी रोड चौक स्थित शिशु विद्या मंदिर में की गई है।
माइकिंग के जरिए लगातार अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। प्रशासन ने पानी घटने के बाद स्वास्थ्य शिविर और ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव की भी तैयारी कर ली है।
जनप्रतिनिधियों ने निभाई ‘संजीवनी’ की भूमिका
राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया मुकेश सिंह, पूर्व मुखिया बुधराम टोप्पो, समाजसेवी साजन कुमार, दीपक सिंह, बबलू साहू और अन्य स्थानीय कार्यकर्ताओं ने बाढ़ से प्रभावित घरों को चिन्हित कर राहत पहुंचाई और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटे रहे।
