DDC Inspection : उप विकास आयुक्त ने किया प्रखंड कार्यालयों का निरीक्षण, योजनाओं को गति देने के दिए निर्देश

SHARE:

Saraikela : उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल ने गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, उपस्थिति पंजी एवं अभिलेखों का अवलोकन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा करनी होगी और क्षेत्रीय पदाधिकारियों की जवाबदेही तय कर योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी होगी।



गम्हरिया प्रखंड भ्रमण के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग के नव निर्मित गोदाम एवं शिव शक्ति महिला समिति द्वारा संचालित राशन वितरण केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने 31 मई तक शत-प्रतिशत राशन वितरण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।



इसके पश्चात रापचा पंचायत के पिंड्राबेड़ा गाँव में मनरेगा योजना अंतर्गत संचालित आम बागवानी, दीदी बाड़ी, बिरसा कूप एवं बतख पालन परियोजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया कि आम की फसल को स्थानीय बाजार में उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए।



निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने लाभुकों से संवाद स्थापित कर उन्हें योजनाओं की जानकारी दी एवं अन्य ग्रामीणों को भी योजनाओं से जुड़ने हेतु प्रेरित करने का आग्रह किया। अंत में रापचा पंचायत में एसबीएम के अंतर्गत बनाए गए प्लास्टिक सेग्रीगेशन शेड तथा बुरुडीह पंचायत में जल जीवन मिशन और अबुआ आवास योजना का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Comment