Jamshedpur : राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर बुधवार को एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, आसनबनी में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आतंकवाद के सामाजिक, मनोवैज्ञानिक और वैश्विक प्रभावों पर प्रकाश डालना और विद्यार्थियों में इसके प्रति जागरूकता पैदा करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के संकाय सदस्यों द्वारा आतंकवाद से जुड़े मुद्दों पर वक्तव्य के साथ हुई। वक्ताओं ने कहा कि आतंकवाद एक वैश्विक संकट है जो सीमाओं से परे जाकर मानवता को प्रभावित करता है। इसे जड़ से समाप्त करने के लिए युवाओं को जागरूक और एकजुट होने की आवश्यकता है।

संस्थान के सहायक प्राध्यापकों ने अपने संबोधन में छात्रों को आतंकवाद जैसी विघटनकारी शक्तियों से दूर रहने और शांति, एकता एवं भाईचारे का संदेश फैलाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल सैन्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि सामाजिक और वैचारिक स्तर पर भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर, भाषण एवं समूह चर्चा जैसी गतिविधियों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। सभी प्रतिभागियों ने अंत में राष्ट्रगान गाया और आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट रहने की शपथ ली। संस्थान की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करते हैं और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक बनाते हैं।










