Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, भागाबांदी में एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ब्लड बैंक एवं केएसबीएस झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान अभियान के दौरान कुल 57 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। आयोजकों के अनुसार, इस मानवीय पहल में 54 पुरुषों और 3 महिलाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों और अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर रूप से बीमार या दुर्घटना के शिकार व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविरों के आयोजन से न केवल रक्त की उपलब्धता बढ़ती है, बल्कि लोगों में सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की भावना भी मजबूत होती है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान जहां मानव जीवन बचाने का माध्यम है, वहीं वृक्षारोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण कदम है।
शिविर के सफल आयोजन में एमजीएम ब्लड बैंक एवं केएसबीएस झारखंड की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में एमजीएम ब्लड बैंक के डॉ. संजय कुमार, केएसबीएस के सक्रिय सदस्य गोमा महतो, आशिम गोप, मृत्युंजय दंडपाट, अशोक साव, तपन कुंडू, बसंती पातर, राज कुमार साव, चंदन साव, नरेन महतो, श्रीकांत कुंवर, जितेन गोप, हाराधान गोस्वामी, धर्मेंद्र साव, सावंते बेसरा, दिलीप भगत, बिमल महतो, मृत्युंजय महतो सहित स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।









