झारखंड आंदोलनकारी जितराई मुर्मू के निधन पर शोक, विधायक संजीव सरदार ने दी श्रद्धांजलि

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : झारखंड आंदोलनकारी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय जितराई मुर्मू के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। शुक्रवार को पोटका विधायक संजीव सरदार उनके आवास पहुंचे और दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि स्व. जितराई मुर्मू झारखंड आंदोलन के समर्पित योद्धा, जुझारू सामाजिक कार्यकर्ता और झामुमो के कर्मठ नेता थे। उन्होंने छात्र जीवन से ही सामाजिक सरोकारों और झारखंड आंदोलन से जुड़कर समाज के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। संगठन को मजबूत बनाने और जनसरोकार के मुद्दों को उठाने में उनकी भूमिका हमेशा स्मरणीय रहेगी।

विधायक ने कहा कि नरवा-पहाड़ल क्षेत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा को मजबूत आधार प्रदान करने में स्व. मुर्मू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे स्पष्ट विचारधारा, संघर्षशील व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों, झारखंडी अस्मिता और सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन भी उपस्थित रहे और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि स्व. जितराई मुर्मू का निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे समाज और झामुमो परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान और संघर्षों को हमेशा याद रखा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 50 वर्षीय स्व. जितराई मुर्मू का गुरुवार को इलाज के दौरान निधन हो गया था। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया गया। अंतिम यात्रा के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के ध्वज में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

स्व. मुर्मू अपने पीछे धर्मपत्नी, एक पुत्री, दो पुत्र तथा वृद्ध माता सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है और विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के लोग लगातार उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.