Chandil : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दलमा वन्य प्राणी पश्चिमी प्रक्षेत्र अंतर्गत मकुलाकोचा में गुरुवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर दलमा के डीएफओ सवा आलम अंसारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के तहत विधायक सविता महतो ने मकुलाकोचा स्थित म्यूजियम परिसर के समक्ष बरगद एवं कटहल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
अपने संबोधन में विधायक सविता महतो ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण पर गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में वृक्षारोपण और वन संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान दलमा क्षेत्र इको विकास समिति की महिलाओं के बीच सिलाई मशीन, इमरजेंसी लाइट एवं प्रदूषण नियंत्रण चूल्हों का वितरण भी किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
विधायक ने सभी उपस्थित लोगों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण देना हम सभी का दायित्व है।
इस अवसर पर डीएफओ सवा आलम अंसारी, रेंजर दिनेश चंद्रा, झामुमो के केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, वन विभाग के अधिकारी, इको विकास समिति की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ हुआ।









