राज्य के 47 स्थानों पर मनाया जाएगा 22वां दामोदर महोत्सव, होगी दामोदर आरती

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi  : युगांतर भारती के तत्वावधान में आयोजित 22वें दामोदर महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष राज्यभर के 47 अलग-अलग स्थानों पर दामोदर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जहां दामोदर नदी की आरती एवं विशेष पूजन कार्यक्रम संपन्न होंगे। मुख्य आयोजन लोहरदगा जिले के चूल्हापानी (सलगी) में आयोजित होगा।

समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे, जबकि लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दामोदर बचाओ आंदोलन के प्रणेता एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय करेंगे।

युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण ने बताया कि इस वर्ष दामोदर महोत्सव गंगा दशहरा के दिन आयोजित हो रहा है, जिससे इसका धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में लोहरदगा के चूल्हापानी से ही दामोदर बचाओ आंदोलन की शुरुआत हुई थी और पिछले 22 वर्षों से यहां लगातार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि दोपहर 12:30 बजे दामोदर नदी के उद्गम स्थल पर विशेष पूजन किया जाएगा। इसके बाद 12:53 बजे राष्ट्रगान एवं 12:55 बजे दीप प्रज्ज्वलन होगा। दोपहर एक बजे दामोदर बचाओ आंदोलन के लोहरदगा संरक्षक ओम सिंह स्वागत भाषण देंगे। इसके पश्चात युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण, सांसद सुखदेव भगत एवं विधायक सरयू राय समारोह को संबोधित करेंगे। अंत में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का संबोधन होगा।

आयोजकों के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में भी स्थानीय स्तर पर दामोदर नदी की आरती, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें