Jamshedpur : प्रमुख बिल्डिंग मटेरियल कंपनी न्युवोको विस्टास कॉर्प. लिमिटेड ने गुजरात के सूरत स्थित लिमला सीमेंट प्लांट का औपचारिक शुभारंभ कर राज्य में अपने परिचालन का विस्तार किया है। कंपनी ने इसे वदराज सीमेंट लिमिटेड के अधिग्रहण के बाद पश्चिम भारत में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि गुजरात देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे रणनीतिक बाजारों में से एक है। लिमला ग्राइंडिंग यूनिट के परिचालन शुरू होने से उत्तर और पश्चिम भारत के ग्राहकों तक सीमेंट उत्पादों की आपूर्ति पहले से अधिक तेज, सुगम और प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य आधुनिक उत्पादन क्षमता और बेहतर आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से ग्राहकों की बढ़ती मांग को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। नई इकाई से परिचालन दक्षता बढ़ने के साथ-साथ क्षेत्रीय बाजारों में कंपनी की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति भी मजबूत होगी।
उल्लेखनीय है कि न्युवोको विस्टास कॉर्प. लिमिटेड ने जून 2025 में कॉरपोरेट इनसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस (CIRP) के तहत 1,800 करोड़ रुपये में वदराज सीमेंट लिमिटेड का अधिग्रहण किया था। अधिग्रहण के बाद कंपनी ने कच्छ और लिमला स्थित इकाइयों का आधुनिकीकरण एवं विस्तार किया, जिसके बाद अब लिमला सीमेंट प्लांट का संचालन औपचारिक रूप से शुरू हो गया है।
कंपनी का मानना है कि इस नई उत्पादन इकाई के शुरू होने से उसकी कुल उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी और पश्चिम भारत के सीमेंट बाजार में उसकी हिस्सेदारी को और मजबूती मिलेगी।








