विश्व जनसंख्या दिवस पर महिला कॉलेज चाईबासा में विशेष व्याख्यान, युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : महिला कॉलेज चाईबासा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) बी.एड. इकाई की ओर से विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या संबंधी मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सतत विकास में युवाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. मोबारक करीम हाशमी ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्य वक्ता एवं छात्राओं का स्वागत किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि महिला कॉलेज में प्रतिवर्ष विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य जनसंख्या, स्वास्थ्य, शिक्षा, लैंगिक समानता और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।



मुख्य वक्ता डॉ. प्रभात कुमार सिंह, सीवीसी, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा ने “युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना – आज और भविष्य के लिए” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, समान अवसर तथा कौशल विकास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो वे न केवल अपने सपनों को साकार कर सकते हैं बल्कि देश के सतत एवं समावेशी विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से जनसंख्या संबंधी चुनौतियों के प्रति जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

व्याख्यान के बाद आयोजित संवाद सत्र में छात्राओं ने जनसंख्या, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने विस्तार से उत्तर दिया। इस अवसर पर बी.एड. सेमेस्टर-1 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं भी दी गईं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजीव लोचन नमता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में बी.एड. सेमेस्टर-1 की बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें