Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त से लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत वाली 38 लंबित विकास योजनाओं का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई प्रशासनिक बाधा है तो उसे तत्काल दूर किया जाए, लेकिन जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखना उचित नहीं है।
विधायक सरयू राय ने कहा कि इन सभी योजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा उनका शिलान्यास भी किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि लंबित योजनाओं में चार बड़े नालों का निर्माण, दो सड़क परियोजनाएं तथा 32 सड़क एवं नाली निर्माण योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन विकास योजनाओं का क्रियान्वयन राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण प्रभावित हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सरयू राय ने कहा कि इस संबंध में उपायुक्त के साथ हुई बैठक में भी लंबित योजनाओं को शीघ्र शुरू कराने पर सहमति बनी थी। उन्होंने अधिकारियों से झारखंड नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप कार्य करने तथा किसी भी प्रकार के अनुचित राजनीतिक दबाव से प्रभावित हुए बिना जनहित में निर्णय लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब से आम जनता को परेशानी होती है, इसलिए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर सभी लंबित योजनाओं का कार्य प्रारंभ सुनिश्चित करना चाहिए।









