Jamshedpur : फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर के तत्वावधान में विश्व फोटोग्राफी दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के वरिष्ठ एवं युवा फोटोग्राफर एक मंच पर जुटे और फोटोग्राफी की कला, रचनात्मकता, आधुनिक तकनीक तथा आपसी सहयोग को लेकर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद सिंह ने फोटोग्राफी से जुड़े सभी साथियों को विश्व फोटोग्राफी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समय और यादों को सहेजने तथा भावनाओं को बिना शब्दों के व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के फोटोग्राफरों ने अपनी कला के माध्यम से शहर का नाम रोशन किया है और यह दिवस उनकी एकजुटता एवं कला के प्रति समर्पण का उत्सव है।
समारोह के दौरान फोटोग्राफी के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलाव, आधुनिक उपकरणों, नई संभावनाओं और फोटोग्राफरों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, सचिव दलजीत सिंह, सहसचिव राजेश चौहान एवं बलराम सरदार, कोषाध्यक्ष शिव शंकर गोराई, सहकोषाध्यक्ष विनय कुमार सहित कार्यकारिणी सदस्य रणजीत सिंह गाबारी, रजनीश उपाध्याय, ओम प्रकाश शाह, हरिनारायण प्रसाद, रवि कुशवाहा एवं नंदू रजक मौजूद रहे।
इसके अलावा संस्था के संस्थापक एवं पूर्व अध्यक्ष अशोक केसरी, पूर्व सचिव रुपेश प्रजापति, अभिमन्यु कुमार, बाबूलाल प्रसाद, फाउंडर मेंबर महेश कुमार एवं उज्जवल दत्त, सुभाष, बालाजी राव तथा विशेष अतिथियों में नरेश, गोल्डी चावला, नरेश अग्रवाल, चिंटू चावला, संजय दास उर्फ लाखन सहित बड़ी संख्या में फोटोग्राफर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी सदस्यों के सामूहिक छायांकन एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समारोह ने फोटोग्राफी समुदाय की एकजुटता, आपसी भाईचारे और पेशे के प्रति समर्पण को प्रदर्शित किया।
















