चांडिल अनुमंडल में दो जगहों से महिला और बुजुर्ग का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela :  सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में शनिवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों से एक महिला और एक बुजुर्ग का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकडू प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित चोकेगोड़िया मैदान में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद किया गया। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटनास्थल से एक साइकिल और टॉर्च भी बरामद हुई है। वहीं शव पर खून के धब्बे पाए जाने से मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं।

स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान चौका-आदारडीह निवासी लगभग 60 वर्षीय सनातन गोप के रूप में की है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी घटना नीमडीह थाना क्षेत्र के बामनी गांव की है, जहां शनिवार सुबह एक महिला का खून से लथपथ शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि गांव के एक तालाब के समीप महिला का शव पड़ा हुआ था। महिला के चेहरे और मुंह के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल दोनों घटनाओं को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। फिलहाल दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.