Saraikela : जिले में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर, गुजरात और चेन्नई में विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए कुल 25 योग्य अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो ने बताया कि रोजगार शिविर में टैलेंटनेक्सा सर्विसेज लिमिटेड, युवा शक्ति फाउंडेशन, एके इंटरप्राइजेज, पनिहारी इंटरप्राइजेज एवं यूनिक सॉल्यूशन जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।
शिविर के दौरान ट्रेनी, एमआईजी वेल्डर, गैस वेल्डर, फिटर, फैब्रिकेटर, सीएनसी ऑपरेटर, वीएमसी ऑपरेटर, एचएमसी ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर, सुपरवाइजर, रिगर, ग्राइंडर, आर्क वेल्डर, ऑफिस असिस्टेंट और टेलीकॉलर सहित विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया गया। प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के बाद 25 अभ्यर्थियों को रोजगार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर, गुजरात एवं चेन्नई स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों में नियुक्ति का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए नियमित रूप से रोजगार शिविर और रोजगार मेलों का आयोजन करता है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जिला नियोजनालय में अपना निबंधन अवश्य कराएं और ऐसे रोजगार शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि उन्हें निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ मिल सके।
आलोक कुमार टोपनो ने स्पष्ट किया कि नियोजनालय के माध्यम से आयोजित सभी रोजगार शिविरों एवं नियोजन संबंधी सेवाओं की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। किसी भी अभ्यर्थी से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। उन्होंने युवाओं को किसी भी तरह के भ्रामक एजेंटों या अवैध वसूली करने वालों से सावधान रहने की सलाह भी दी।
रोजगार शिविर के सफल आयोजन में जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो, वाईपी मॉडल कैरियर सेंटर के रवि प्रकाश सिंह, सुरेंद्र रजक, सुजीत सरदार सहित नियोजनालय के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर में संबंधित नियोजक संस्थानों के एचआर प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।








