13 लाख रुपये हड़पने और जान से मारने की धमकी का आरोप, बड़ी बहन ने छोटी बहन के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : शहर के सिद्धगोरा थाना क्षेत्र से पारिवारिक विवाद और कथित आर्थिक गड़बड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। बागुननगर निवासी टी. मोहिनी प्रिया ने अपनी छोटी बहन टी. मधु पर लगभग 13 लाख रुपये हड़पने, संपत्ति पर कब्जे की कोशिश करने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी दिलाने का आरोप लगाया है।

पीड़िता टी. मोहिनी प्रिया के अनुसार वर्ष 2015 में उन्होंने आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले स्थित अपनी जमीन 12 लाख 75 हजार रुपये में बेची थी। उस समय उनके साथ उनकी छोटी बहन टी. मधु भी मौजूद थी। मोहिनी का आरोप है कि उस समय उनके पास बैंक खाता नहीं होने के कारण जमीन बिक्री से प्राप्त राशि मधु के बैंक खाते में जमा कराई गई थी। लेकिन इसके बाद से मधु विभिन्न बहाने बनाकर उक्त राशि वापस नहीं कर रही है।

मोहिनी का कहना है कि जब उन्होंने करीब चार वर्ष पहले अपनी रकम वापस मांगने का दबाव बनाया, तब मधु ने बागुननगर स्थित घर और जमीन में हिस्सेदारी की मांग शुरू कर दी। उन्होंने दावा किया कि उनके भाई की दुर्घटना में मृत्यु के बाद टाटा स्टील में मिलने वाली नौकरी भी उन्होंने अपनी छोटी बहन मधु को दिलाई थी। वर्तमान में मधु टाटा स्टील में कार्यरत है और सीतारामडेरा क्षेत्र में रहती है।

पीड़िता का आरोप है कि रुपये वापस नहीं करने और संपत्ति में दखल देने की मंशा से उनकी बहन लगातार विभिन्न तरीके अपना रही है। इस संबंध में उन्होंने कई बार स्थानीय थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।

मोहिनी प्रिया ने यह भी आरोप लगाया कि हाल के दिनों में कुछ दबंग व्यक्तियों के माध्यम से उनके पति श्रीनिवास राव को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि बीते दिनों सिद्धगोरा थाना परिसर में थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में एक व्यक्ति ने उनके पति को हत्या कर फेंक देने तक की धमकी दी।

घटना के बाद मोहिनी प्रिया और उनके पति श्रीनिवास राव ने सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ऋषभ त्रिवेदी से मुलाकात कर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। एएसपी के निर्देश पर दोनों ने सिद्धगोरा थाना पहुंचकर टी. मधु एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है और मामले की जांच की मांग की गई है। वहीं पीड़ित परिवार ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें