आस्था पर वार! चांडिल के शासान काली मंदिर में चोरी, दान पेटी तोड़ नकदी, घंटी और मोटर ले उड़े चोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र में चोरों ने एक धार्मिक स्थल को निशाना बनाकर लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली घटना को अंजाम दिया है। लेंगडीह और शासनटाड़ गांव के बीच स्थित प्रसिद्ध शासान काली मंदिर में देर रात चोरी की वारदात सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने बीती रात मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मंदिर परिसर में रखी दान पेटी को तोड़कर उसमें मौजूद नकदी पर हाथ साफ कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार दान पेटी में लगभग 10 हजार रुपये की राशि रखी हुई थी, जिसे चोर अपने साथ ले गए।

चोरों ने केवल नकदी ही नहीं चुराई, बल्कि मंदिर में लगी घंटी और फूल-पौधों की सिंचाई के लिए उपयोग किए जाने वाले मोटर को भी खोलकर अपने साथ ले गए। चोरी गए सामानों की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है।

सुबह जब श्रद्धालु और स्थानीय ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा मिला और परिसर में सामान बिखरा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जमा हो गए।

धार्मिक स्थल में चोरी की घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में चोरी होना केवल संपत्ति की चोरी नहीं, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाओं और आस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने दोषियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे तत्वों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें