Road Accident : सड़क हादसे में पत्नी गंभीर रूप से घायल, डॉक्टर ने बताया हैड इंजरी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल स्थित एनएच-32 पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा तांतिबांध के समीप उस समय हुआ जब सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक असंतुलित होकर उछल गई, जिससे पीछे बैठी महिला सिर के बल सड़क पर जा गिरी।



घायल महिला की पहचान डोबो चिरुगोड़ा निवासी बिमला मुर्मू (35) के रूप में हुई है, जो अपने पति अजय मुर्मू (45) के साथ बाइक पर सवार थी। दोनों सुखसारी गांव से नए संबंधी से मुलाकात कर लौट रहे थे। रास्ते में तांतिबांध के पास सड़क पर बने गड्ढे में बाइक उछलकर असंतुलित हो गई। अजय किसी तरह खुद को संभाल पाया, लेकिन बिमला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।



स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल बिमला को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल चांडिल लाया गया, जहां डॉक्टर एच.एस. शेखर ने बताया कि महिला को सिर में गंभीर चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।

सड़कों की बदहाली बना रही है दुर्घटनाओं का कारण

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि चांडिल बाजार से अनुमंडल जाने वाली सड़कें गड्ढों से भरी पड़ी हैं। बारिश के कारण मुख्य नालियां जाम हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।



वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों — न सांसद, न विधायक और न ही ज़िप उपाध्यक्ष — की ओर से कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। बाजार क्षेत्र में घंटों तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे मरीजों तक को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। रविवार को चांडिल बाजार की दयनीय स्थिति देखी गई, जहां हर आमजन प्रशासन और राजनीति से जुड़े लोगों की उदासीनता को कोसते नजर आए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.