Jamshedpur : वॉयस ऑफ जमशेदपुर के तत्वावधान में शनिवार को बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में ‘प्रतिभा छात्र सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के मेधावी छात्र-छात्राओं को शिक्षा, खेल तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू थीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह रबीन्द्र तथा भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता अमित अग्रवाल ने की।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य छात्रों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, शिक्षाविद्, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।









