विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल का विज्ञान से साक्षात्कार, नवाचार की ओर सशक्त कदम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:विज्ञान, तकनीक और नवाचार की दुनिया से विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने के उद्देश्य से मानगो स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन द्वारा नवम वर्ग के रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय के विद्यार्थियों का एक ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस एक दिवसीय शैक्षणिक यात्रा के तहत विद्यार्थियों को रांची स्थित साइंस सेंटर ले जाया गया, जहाँ विज्ञान के सिद्धांतों को अनुभव आधारित तरीके से समझने का अनूठा अवसर मिला।
साइंस सेंटर में प्रदर्शित अत्याधुनिक और आकर्षक वर्किंग मॉडल्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने भौतिकी सहित विज्ञान के विभिन्न विषयों के जटिल कॉन्सेप्ट्स को बेहद सरल और प्रभावी ढंग से समझा। प्लेनेटेरियम में सौरमंडल का जीवंत प्रदर्शन विद्यार्थियों के लिए रोमांच और कौतूहल से भरा रहा, वहीं थ्री-डी शो के माध्यम से आधुनिक तकनीक के सहारे विज्ञान की बारीकियों को जानने का अवसर मिला। इस अनुभव ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच को नई दिशा और उड़ान दी।
यह शैक्षणिक भ्रमण केवल ज्ञान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों ने सीखने के साथ-साथ आनंद और उत्साह का भी भरपूर अनुभव किया। उल्लेखनीय है कि विद्यालय द्वारा बीते वर्ष भी विद्यार्थियों को कोलकाता के साइंस सिटी का भ्रमण कराया गया था, जो विद्यालय की निरंतर नवोन्मेषी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली को दर्शाता है।
इस शैक्षणिक यात्रा का सफल और सुव्यवस्थित आयोजन वैज्ञानिक एवं विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर सौम्य दीप के नेतृत्व में संपन्न हुआ। वे स्वयं पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे और विज्ञान के प्रत्येक कॉन्सेप्ट को सरल भाषा में समझाकर बच्चों का मार्गदर्शन करते रहे। उनके साथ शिक्षकगण पूनम सिंह, ज्योति केरकेट्टा, नाजिया परवीन, रोहित सिंह, अभिजीत, शाहिद एवं सौरभ गोराई भी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे भ्रमण को अनुशासित, सुरक्षित और प्रेरणादायक बनाया।
विद्यालय के इस सराहनीय प्रयास की शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने एक स्वर में प्रशंसा की। यह शैक्षणिक भ्रमण न केवल विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बना, बल्कि उनके भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.