बागजाता यूरेनियम प्रोजेक्ट की जर्जर पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने सांसद और बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka :  मुसाबनी प्रखंड के लाटिया-डुंगरीडीह गांव को बागजाता यूरेनियम प्रोजेक्ट से जोड़ने वाली पुलिया में दरार आने और रेलिंग टूटने के बाद ग्रामीणों ने इसके पुनर्निर्माण की मांग तेज कर दी है। सामाजिक कार्यकर्ता हरिपद भकत की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुसाबनी प्रखंड विकास पदाधिकारी अदिति गुप्ता और सांसद विद्युत वरण महतो को ज्ञापन सौंपकर जर्जर पुलिया के स्थान पर नए पुल के निर्माण की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि बागजाता यूरेनियम प्रोजेक्ट के पास शंख नदी पर बाकड़ा और फुलझड़ी के बीच स्थित पुलिया वर्तमान में जर्जर अवस्था में है। पुलिया में दरारें पड़ गई हैं और रेलिंग भी टूट चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थिति को देखते हुए आगामी बरसात में तेज पानी के बहाव के कारण पुलिया के क्षतिग्रस्त अथवा बह जाने का खतरा बना हुआ है।

बरसात में आधा दर्जन गांव हो जाते हैं प्रभावित

सामाजिक कार्यकर्ता हरिपद भकत ने बताया कि पिछले करीब दो दशकों से बरसात के दौरान यह पुलिया पानी में डूब जाती है। इससे क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों का संपर्क प्रभावित होकर कई बार लगभग 72 घंटे तक आवागमन बाधित रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, ऐसी स्थिति में अस्पताल और स्कूल समेत आवश्यक सेवाओं तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। इससे पूर्व घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन को भी पुलिया निर्माण को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

2003 में हुआ था पुलिया का निर्माण

ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2003 में यूरेनियम अयस्क की जादूगोड़ा तक ढुलाई के लिए यूसीआईएल प्रबंधन की ओर से इस पुलिया का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर बड़े पुल की जरूरत बताए जाने के बावजूद छोटा पुलिया बनाया गया, जिसके कारण बरसात के मौसम में लगातार परेशानी बनी हुई है।

ग्रामीणों ने सांसद विद्युत वरण महतो और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जर्जर पुलिया का निरीक्षण कराने तथा स्थायी समाधान के तौर पर नए पुल के निर्माण की दिशा में पहल करने की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल

मुसाबनी बीडीओ अदिति गुप्ता को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व पंचायत समिति सदस्य हरिपद भकत, मुखिया पर्वत हांसदा, भगीरथ कैवर्त, मथुरा कैवर्त, सुखराम मुर्मू, फुदान मुर्मू, पराव मुर्मू समेत क्षेत्र के अन्य ग्रामीण शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें