Jamshedpur : देवघर एवं पलासबनी पंचायत क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पशु चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों, पशुपालकों एवं सामाजिक संगठनों में गहरी चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि बीते कुछ महीनों के दौरान क्षेत्र में गाय, बैल एवं अन्य पालतू पशुओं की चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। इन घटनाओं से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि चोरी करने वाले गिरोह पशुओं को नशीला पदार्थ खिलाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे चोरी का पता लगने तक काफी देर हो जाती है।
ग्रामीणों ने कहा कि पशुपालन क्षेत्र के कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने उनकी आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा पशु चोरी में संलिप्त गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की।
थाना प्रभारी ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने के साथ-साथ पशु चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान उत्तम प्रधान, सानंद प्रधान (सांसद प्रतिनिधि), शिमल मुर्मू, कड़ाकर गोप, प्रहलाद गोप, सोनाराम मुर्मू, सुमतो गौड़, सुनील हेंब्रम, जगेन गौड़, रमेश तनतुबाई, मनेश्वर गौड़, दिनेश गोप, सूरज साह, जसवंत महतो, चित्रसेन गोप, अजीत गोप, गुरुदेव गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पशुपालक उपस्थित थे।








