Ranchi : ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन का तृतीय झारखंड राज्य महिला सम्मेलन रविवार को जेवियर कॉलेज रोड स्थित एसडीसी हॉल में संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता संगठन की राज्य अध्यक्ष पानमोनि सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मश्री मधु मंसूरी एवं प्रो. डॉ. प्रमोदिनी हांसदा के स्वागत गीत से हुआ।
सम्मेलन में महिलाओं एवं बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराध, शराब एवं नशीले पदार्थों पर रोक, पोर्नोग्राफी के खिलाफ अभियान, समान काम के लिए समान वेतन, महिला शिक्षा, सुरक्षा तथा समान अधिकार सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रो. डॉ. प्रमोदिनी हांसदा, पद्मश्री मधु मंसूरी, वरिष्ठ अधिवक्ता हमीदुल हक, ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन की रचना अग्रवाल, पूतन माला एवं फलक फातिमा ने अपने विचार रखे।
सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से नई राज्य कमेटी का गठन किया गया। पानमोनि सिंह को अध्यक्ष, सोनका महतो को सचिव, गीता शर्मा को ऑफिस सेक्रेटरी तथा अंजना भारती को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं सबिता बोस, अशोका मंडल, मालती गिरी, उपासनी सरदार एवं मिली दास को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सचिव मंडल एवं राज्य कमेटी के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया।
समापन के अवसर पर राज्य अध्यक्ष पानमोनि सिंह ने सम्मेलन में शामिल सभी अतिथियों एवं प्रतिनिधियों के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।

















