जादूगोड़ा में चोरों का आतंक, सरकारी स्कूल समेत चार जगहों पर चोरी, लाखों के गहने और दस्तावेज गायब

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती गुरुवार रात चोरों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए एक सरकारी विद्यालय समेत चार स्थानों पर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर लाखों रुपये के गहने, नगद राशि और सरकारी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पहली घटना भुरकाडीह निवासी गायत्री भक्त के घर में हुई। चोर लोहे के सबल से दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे और दो अलमारियों में रखे करीब ढाई लाख रुपये के गहने तथा साढ़े चार हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार के लोग भीषण गर्मी के कारण घर की छत पर सो रहे थे।

इसके अलावा चोरों ने मोनिका रानी भक्त और किशोर कुमार गिरी के घरों को भी निशाना बनाया। दोनों घरों की कुंडी तोड़कर चोर नगद राशि समेत अन्य सामान अपने साथ ले गए।

चोरों ने जाते-जाते आसनबनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। विद्यालय के सात कमरों का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर करीब 25 हजार रुपये की संपत्ति और कई महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जादूगोड़ा पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें