Potka : कौवाली थाना क्षेत्र के बोर्ड मिडिल स्कूल के समीप हृदय नगर में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 14 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना रात करीब दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जावेद आलम अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। घर में उनकी बुजुर्ग मां, पत्नी, बेटी और भांजी भी मौजूद थीं। इसी दौरान पांच अज्ञात चोरों का गिरोह मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि चार चोर घर के अंदर गए, जबकि एक बाहर निगरानी करता रहा।
परिवार के सदस्यों पर स्प्रे करने का आरोप
परिजनों के अनुसार, चोरों ने घर में सो रहे सदस्यों पर किसी प्रकार का स्प्रे किया, जिसके कारण उन्हें घर में चोरों के घुसने की भनक तक नहीं लगी। इसके बाद चोर करीब एक घंटे तक घर में रहे और आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 95 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
आंख में जलन के बाद खुली चोरी की घटना
जावेद आलम के अनुसार, करीब 3:10 बजे उनकी नींद खुली तो आंखों में तेज जलन महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने बाथरूम जाकर आंखें धोईं। घर में वापस आने पर उन्होंने देखा कि सामान अस्त-व्यस्त था और आलमारी का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर उसमें रखी नकदी और जेवरात गायब मिले। मुख्य गेट का ताला भी टूटा हुआ था।
जावेद आलम की बुजुर्ग मां के जागने पर उनकी आंखों में भी जलन थी और गर्दन में दर्द की शिकायत थी। परिवार ने आशंका जताई कि चोरी के दौरान किसी स्प्रे या अन्य पदार्थ का इस्तेमाल किया गया होगा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना जावेद आलम ने कौवाली थाना पुलिस को दी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। कौवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस चोरों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
















