टाटानगर स्टेशन पर RPF-GRP की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल चोरी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

मंडल सुरक्षा आयुक्त, RPF चक्रधरपुर मंडल एवं रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में 18 अगस्त 2026 की सुबह RPF टाटा और GRP टाटा की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से चार मोबाइल फोन बरामद हुए।

चारों आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश दास उर्फ तिग्गी (38), रोहित लोहार उर्फ छोटू (26), शेख रमजान (19) और शेख मुबारक (26) के रूप में हुई है। इनमें प्रकाश दास और रोहित लोहार टाटानगर रेलवे स्टेशन के आसपास के निवासी बताए गए हैं, जबकि शेख रमजान और शेख मुबारक पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रकाश दास उर्फ तिग्गी गिरोह का कथित सरगना है। आरोपी आपस में मिलकर स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो जाते थे।

रेल थाना टाटानगर को सौंपे गए आरोपी

गिरफ्तार सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। पूरी कार्रवाई RPF के ASI बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई।

RPF और GRP की संयुक्त कार्रवाई से रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.