टाटानगर स्टेशन पर सिविल डिफेंस का प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक, ड्रिंक एंड ड्राइव के खतरों से किया जागरूक

SHARE:

Jamshedpur:राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” थीम को लेकर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य निकास द्वार पर एक जीवंत और हृदय विदारक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इस नाटक के माध्यम से ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और ड्रिंक एंड ड्राइव के कारण होने वाली दर्दनाक दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से दर्शाकर लोगों को जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक में दिखाया गया कि किस प्रकार युवा वर्ग जश्न और उत्साह में अत्यधिक शराब पीकर वाहन चलाते हैं और ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करते हुए न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डाल देते हैं। नाटक का मुख्य दृश्य ड्रिंक एंड ड्राइव से हुई कार दुर्घटना पर आधारित था, जिसमें पाँच दोस्तों की मौके पर मौत को अत्यंत जीवंत और भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। दुर्घटना दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिन्हें आरपीएफ के जवानों ने नियंत्रित करते हुए बताया कि यह एक जागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटक है, तब जाकर भीड़ शांत हुई।
जीवंत प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाने के लिए दुर्घटनाग्रस्त कार में पुतलों का प्रयोग किया गया, जिनके माध्यम से गंभीर रूप से घायल और क्षत-विक्षत शरीरों का दृश्य दिखाया गया। इसका उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि एक छोटी सी लापरवाही किस तरह पूरे परिवार को जीवनभर का दर्द दे सकती है।
इस कार्यक्रम में स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार, आरपीएफ सब इंस्पेक्टर एस. घोष तथा के. मिश्रा उपस्थित रहे। स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने सिविल डिफेंस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान इस तरह के नुक्कड़ नाटक आम लोगों में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव की स्थिति में दुर्घटना होने पर वाहन और व्यक्ति का इंश्योरेंस क्लेम भी नहीं मिलता है। उन्होंने कार चलाते समय सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से पहनने और मोटरसाइकिल चालकों से हेलमेट का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने के साथ दंड का भी प्रावधान है।
नुक्कड़ नाटक में अनिल कुमार सिंह, कल्याण कुमार साहू, शंकर कुमार प्रसाद, रितेश कुमार गुहा, अमित कुमार, गीता कुमारी, वीरेंद्र मंडल, संजय कुमार महतो, तेजीता, कंचन कुमारी, सत्य प्रकाश, सरस्वती मुर्मू एवं पार्वती मुर्मू सहित अन्य कलाकारों ने भाग लिया और अपने सशक्त अभिनय से लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ के जवान तैनात रहे। बड़ी संख्या में टैक्सी-मैक्सी चालक, राहगीर और रेल यात्री इस नुक्कड़ नाटक के साक्षी बने। कार्यक्रम के अंत में लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

Leave a Comment

और पढ़ें