आदित्यपुर नगर निगम चुनाव: वार्ड 17 से बिरेंद्र सिंह यादव ने भरा पर्चा, पेयजल को बताया सबसे बड़ी चुनौती

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड संख्या 17 से पार्षद प्रत्याशी बिरेंद्र सिंह यादव ने मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने शिव काली मंदिर में पूजा कर क्षेत्र की सुख-शांति और विकास की कामना की। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी, वार्ड के बुजुर्ग, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

नामांकन के उपरांत मीडिया से बातचीत में बिरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि वार्ड 17 की सबसे गंभीर और ज्वलंत समस्या पेयजल है। उन्होंने बताया कि यह नगर निगम का सबसे बड़ा वार्ड है, जहां लगभग छह हजार मतदाता निवास करते हैं और हर वर्ष करीब छह माह तक लोगों को पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करेंगे और इसे अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएंगे।

श्री यादव ने बताया कि वार्ड की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए बुद्धिजीवियों की एक समिति का गठन किया जाएगा, जो योजनाबद्ध ढंग से नगर निगम के समक्ष मुद्दों को रखेगी। इसके साथ ही नियमित साफ-सफाई, सड़कों और नालियों का पुनर्निर्माण तथा महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए ओपन पार्क का निर्माण भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रभात पार्क के कॉमर्शियल हो जाने के बाद वार्ड में सार्वजनिक पार्क का अभाव हो गया है, जिसे दोबारा उपलब्ध कराने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर बिरेंद्र सिंह यादव ने वार्ड के बुजुर्गों एवं मंदिर समिति के सदस्यों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.