Jamshedpur :शहर की जल उपचार अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टाटा स्टील यूटिलिटीज़ एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज़ लिमिटेड (टाटा स्टील UISL) ने साकची वॉटर वर्क्स में अत्याधुनिक क्लोरीन डाइऑक्साइड प्लांट का सफलतापूर्वक उद्घाटन किया।
इस नई सुविधा का उद्घाटन डी. बी. सुंदर रामम, उपाध्यक्ष (कॉर्पोरेट सर्विसेज़), टाटा स्टील लिमिटेड ने किया। कार्यक्रम में अ. के. भटनागर, प्रबंध निदेशक, टाटा स्टील UISL; रघुनाथ पांडे, अध्यक्ष, टाटा स्टील यूटिलिटी सर्विसेज़ श्रमिक यूनियन सहित टाटा स्टील और टाटा स्टील UISL के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नया क्लोरीन डाइऑक्साइड प्लांट जल शोधन प्रक्रिया की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ संचालन सुरक्षा को भी सुदृढ़ करेगा। पारंपरिक क्लोरीन गैस के उपयोग से जुड़े जोखिमों को समाप्त कर यह उन्नत तकनीक कर्मचारियों और संयंत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करती है। इसके साथ ही, जल की गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली को और मजबूत किया गया है, जिससे जमशेदपुरवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और पीने योग्य पानी की निरंतर आपूर्ति संभव हो सकेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि यह परियोजना न केवल तकनीकी उन्नयन का प्रतीक है, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति टाटा स्टील UISL की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। सुरक्षित तकनीकों को अपनाना, संचालन उत्कृष्टता बनाए रखना और नागरिकों को विश्वसनीय सेवाएं प्रदान करना कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
यह पहल जमशेदपुर शहर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जो भविष्य में जल आपूर्ति प्रणाली को और अधिक सुरक्षित, आधुनिक और टिकाऊ बनाने में सहायक सिद्ध होगी।









