Jamshedpur : जल प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) को प्रतिष्ठित ‘GEEF ग्लोबल वाटरटेक अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। कंपनी को यह पुरस्कार ‘इंटीग्रेटेड वाटर एंड वेस्टवॉटर मैनेजमेंट कंपनी ऑफ द ईयर 2026’ श्रेणी में प्रदान किया गया।
पुरस्कार समारोह शुक्रवार को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित अशोक होटल में आयोजित हुआ। यह सम्मान ग्लोबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंट फाउंडेशन (GEEF) की ओर से दिया गया।
जल संरक्षण और पुनर्चक्रण को मिला सम्मान
GEEF ग्लोबल वाटरटेक अवार्ड जल, अपशिष्ट जल और डिसेलिनेशन के क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी पहल, जल संरक्षण और सतत विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले संगठनों को सम्मानित करता है।
इस अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल ने जमशेदपुर टाउनशिप में सीवेज ट्रीटमेंट, जल पुनर्चक्रण और पुनः उपयोग से जुड़ी अपनी पहलों को प्रस्तुत किया। कंपनी की ओर से अपशिष्ट जल का अधिकतम पुनर्चक्रण कर उसे औद्योगिक एवं उद्यानिकी कार्यों में दोबारा इस्तेमाल करने की व्यवस्था को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
कंपनी के इन प्रयासों का उद्देश्य जल तटस्थता को बढ़ावा देना तथा नदी से ताजे पानी की निकासी को कम करना है।
सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप पहल
टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा अपशिष्ट जल प्रबंधन के क्षेत्र में अपनाई गई विभिन्न श्रेष्ठ प्रक्रियाएं संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के अनुरूप हैं। इनमें विशेष रूप से SDG-6—स्वच्छ जल एवं स्वच्छता, SDG-9—उद्योग, नवाचार एवं अवसंरचना, SDG-11—सतत शहर एवं समुदाय तथा SDG-12—जिम्मेदार उपभोग एवं उत्पादन शामिल हैं।
GEEF ग्लोबल वाटरटेक अवार्ड 2026 टाटा स्टील यूआईएसएल के जल संरक्षण, अपशिष्ट जल के पुनर्चक्रण और सतत जल प्रबंधन के प्रति निरंतर प्रयासों और प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

















